बिलासपुर के कोटा जिले का मामला
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी में संपत्ति के चक्कर में भाई ने बहन की कुल्हाडी मारकर हत्या (MURDER) कर दी। बहन का दोष इतना था, कि वो अन्य बहनों की संपत्ति में हिस्सा मांग रही थी। पहले भाई ने बहन का खूब समझाया, वो नहीं मानी तो कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी और रात भर लाश की निगरानी करता रहा। रविवार की सुबह थाना पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी व सरेंडर किया। मामलें में पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
कोटा थाना क्षेत्र के अमाली निवासी फेकूराम भानू (49) की बहन रामबाई (40) को करीब 15 साल पहले उसके पति ने छोड़ दिया था। इसके बाद भाई ने ही आसरा दिया। रामबाई गांव में रोजी मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रही थी। कुछ दिनों से रामबाई अपने भाई से पैतृक जमीन में हिस्सा मांग रही थी। इस पर फेकूराम ने तीन बहने होने के कारण सभी को हिस्सा देने की बात करता था। इस बात को लेकर वो अक्सर अपने भाई से विवाद (MURDER) करती थी।
खेत में किया विवाद तो कर दी हत्या
शनिवार शाम रामबाई खेत की ओर गई थी। वहीं फेकूराम भी था। खेत में दोनों मिले तो संपत्ति को लेकर फिर विवाद होने लगा। फेकूराम ने समझाया, लेकिन रामबाई नहीं मानी। दोनों के बीच विवाद बढऩे लगा, तो फेकूराम ने कुल्हाड़ी से वार कर दिया। अपने आप को बचाने के लिए रामबाई भागी, लेकिन फेकूराम ने दौड़ाकर ताबड़तोड़ वार (MURDER) किए और मौत के घाट उतार दिया।
रात भर शव की निगरानी
वारदात को अंजाम देने के बाद फेकूराम ने शव को खेत में पत्तियों से ढक दिया और उसकी निगरानी करने लगा। रात भर शव की निगरानी करने के बाद सुबह घर गया और उसके बाद थाना पहुंचकर सरेंडर कर दिया। फेकूराम की निशानदेही पर पुलिस ने शव और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है। फेकूराम पर आगे की कार्रवाई पुलिस कर रही है।