कटघोरा में मिले चारों तब्लीगी जमाती कनेक्शन
कोरबा. जिले में कोरोना वायरस Corona Hot Spot बन चुके कटघोरा से फिर चार लोगोे की रिपोर्ट पॉजिटिव होने की खबर आ रही है। बता दें कि कल ही कटघोरा से 7 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें रायपुर एम्स लाया गया था। आज संक्रमित पाए गए लोगों को भी एम्स लाया जा रहा है। वहीं एक और संक्रमित बिलासपुर में भी पाए जाने की खबर है।
कटघोरा में जितने भी मरीज मिल रहे हैं सब में जमाती कनेक्शन था। इससे पहले कोरबा में एक मरीज मिला जो यूके से आया था फिलहाल वह स्वस्थ्य होकर लौट गया है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से कटघोरा में कोरोना वायरस का साया मंडराने लगा है। लगातार मरीज मिल रहे हैं। कटघोरा में ही मरीजों का आंकड़ा अब बढ़कर 20 हो गया है। पूरे जिले में यह आंकड़ा 21 है। सबसे पहले तब्लीगी जमात के मरकज से लौटकर आने वाले एक किशोर में कोराना का संक्रमण पाया गया था। कटघोरा में कोरोना वायरस की दस्तक के पीछे तब्लीगी जमात से लौटे लोगों का कनेक्शन बताया जा रहा है।
महाराष्ट्र से लौटे थे जमाती
बता दें कि महाराष्ट्र के कामठी से कटघोरा की जामा मस्जिद में 16 जमाती आए थे, जिनमें से एक किशोर चार अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद इनके संपर्क में आए आठ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद सरकार ने कटघोरा को हॉट स्पॉट घोषित कर सील कर दिया था।
संदेह के आधार पर 123 सैंपल लिए गए थे
पहले जो मामले पाए गए थे उनके परिवारजनों और करीबी रिश्तेदारों के 123 सैंपल को जांच के लिए लिया गया था। इन सैंपलों को हाई रिस्क माना जा रहा था। शनिवार देर रात आई रिपोर्ट में सात नए पॉजिटिव मिलने से संक्रमितों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका को बल मिला है। और इसके बाद फिर से 4 रिपोर्ट पॉजिटिव मिला है।
चार हजार से ज्यादा होम क्वांरेंटाईन
कटघोरा के कोरोना हॉट स्पॉट Corona Hot Spot बनने के बाद प्रशासन ने बड़े पैमाने पर संक्रमित होने की आशंका से संदेहियों को होम क्वारंटाइन किया है। अब तक 4,284 लोगों को होम क्वारंटाइन किया जा चुका है। कटघोरा कनेक्शन के बाद 77 लोगों को कोरबा के विभिन्न् क्वारंटाइन सेंटरों में रखा गया है। कटघोरा में पिछले 72 घंटों से भी अधिक समय से कर्फ्यू जैसे हालात हैं। आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति होम डिलीवरी के माध्यम से की जा रही।