रायपुर . अभी दुनिया कोरोना वायरस के चंगुल से निकली भी नहीं थी कि एक और वायरस ने अपने पैर पसारना शुरू कर दिया है। चीन के सरकारी मीडिया संस्थान ग्लोबल टाइम्स के अनुसार चीन के यूनान प्रांत में नया वायरस मिला है। वैज्ञानिकों ने इसे हंता वायरस नाम दिया है। बताया जा रहा है कि इससे चीन में एक इंसान की मौत हो गई है। ग्लोबल के मुताबिक हंता वायरस का पीडि़त मरीज बस से शाडोंग लौट रहा था।
सांस लेने के बाद मनुष्य के शरीर में प्रवेश
तभी कोरोना की जांच के दौरान इस वायरस का पता चला। यूएस सेंटर फॉर डिजीस एंड कंट्रोल के अनुसार हंता वायरस चूहों के मल, मूत्र और थूक में पाया जाता है। इससे इंसान तब संक्रमित होता है जब चूहे इसे हवा में छोड़ते हैं। ये वायरस सांस लेने के बाद मनुष्य के शरीर में प्रवेश करता है। ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इससे पीडि़त व्यक्ति को ठंडी लगने के साथ बुखार आता है। इसके बाद मांसपेशियों में दर्द होने लगता है। एक दो दिन बाद सूखी खांसी आती है। सर में दर्द होता है। उलटियां होती हैं। सांस लेने में भी परेशानी पेश आती है।