दिल्ली. दिल्ली में एक डॉक्टर ने आज खुदकुशी कर ली। मामला नेब सराय थाने के दुर्गा विहार का है। घटनास्थल से पुलिस को सुसाईडल नोट भी मिला है जिसके आधार पर पुलिस ने देवली से आम आदमी पार्टी के विधायक प्रकाश जारवाल के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।
अपने सुसाईडल नोट में डॉक्टर ने लिखा है कि उसे स्थानीय विधायक की ओर से लगातार परेशान किया जा रहा था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने AAP MLA प्रकाश जारवाल, कपिल नगर और अन्य के खिलाफ जबरन वसूली और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक सुबह सूचना आई थी जिसके बाद घटनास्थल के लिए टीम रवाना की गई थी। वहां जाकर पचा चला कि खुदकुशी करने वाला शख्स का नाम डॉ राजेंद्र सिंह है। राजेंद्र सिंह दिल्ली के दुर्गा विहार के रहने वाले थे। उनकी उम्र 52 साल थी। पुलिस के मुताबिक उन्होंने अपने घर के छत पर खुदकुशी की। पुलिस का कहना है कि आज तड़के उन्होंने एक रस्सी के जरिए फांसी लगा ली।