दिल्ली. भारतीय ऑटो मोबाइल बाजार में फरवरी 2020 में वाहनों की बिक्री में 19.08 फीसदी गिरावट दर्ज की गई है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटो मोबाइल मैन्युफैक्चर्स (एसआईएएम) के प्रेसिडेंट राजन बढेरा ने शुक्रवार को कहा क बीएस-6 एमिशन नॉर्म्स और आर्थिक मंदी की चलते डिमांड में कमी आई है। एसआईएएम द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार फरवरी 2020 में कुल 16 लाख 46 हजार 322 यूनिट की बिक्री हुई है। जबकि फरवरी 2019 में 20 लाख 34 हजार 597 यूनिट्स की बिक्री हुई थी।
कम बिक्री के ये भी कारण
एसआईएएम के पदाधिकारियों ने बताया कि होलसेल डिस्पेच की कमी की वजह से कम प्रोडक्शन हुआ। चीन की सप्लाई बाधित होना भी चिंता का विषय है। कोरोना वायरस के मद्देनजर सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को एसआईएएम के पदाधिकारियों ने सराहनीय बताया है। एसआईएएम के अनुसार डॉमेस्टिक पैसेंजर व्हीकल की बिक्री फरवरी में 7.61 प्रतिशत घटकर 2 लाख 51 हजार 516 यूनिट्स रही जो पिछले साल इसी अवधि में 2 लाख 72 हजार 243 यूनिट्स थी। फरवरी, 2020 में कारों की बिक्री भी 8.77 फीसद घटकर 1 लाख 56 हजार 285 यूनिट्स रही, जो बीते साल इसी अवधि में 1 लाख 71 हजार 307 यूनिट्स थी। मारूती सुजुकी इंडिया के पैसेंजर व्हीकल की बिक्री फरवरी, 2020 में 2.34 फीसद घटकर 1 लाख 33 हजार 702 यूनिट्स रही। हुंडई मोटर इंडिया की बिक्री में भी 40 हजार 010 यूनिट्स की बिक्री के साथ 7.19 फीसद की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन नई कार निर्माता कंपनी Kia Motors फरवरी, 2020 में 15 हजार 644 यूनिट्स की बिक्री के साथ तीसरे पायदान पर रही।
दोपहिया वाहनों की खरीददारी में गिरावट
दोपहिया वाहनों की खरीदी में फरवरी, 2020 में 19.82 फीसद की गिरावट के साथ 12 लाख 94 हजार 791 यूनिट्स की बिक्री हुई। पिछले साल इसी अवधि में 16 लाख 14 हजार 941 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। हीरो मोटो कारर्प की फरवरी, 2020 में 20.05 फीसद की गिरावट के साथ टू-व्हीलर की 4 लाख 80 हजार 196 यूनिट की बिक्री हुई। होंडा मोटर सायकिल और स्कूटर इंडिया फरवरी, 2020 में 22.83 फीसद की गिरावट के साथ 3 लाख 15 हजार 285 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। तीसरे पायदान पर रही टीवीएस मोटर्स की फरवरी, 2020 में 26.73 फीसद की गिरावट के साथ 1 लाख 69 हजार 684 यूनिट्स की बिक्री हुई।