इंदौर। Weather Alert News: मध्यप्रदेश में सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। जिसके चलते दिन का पारा 10℃ नीचे तक गिर गया है। तापमान में कमी आने से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। प्रदेश के करीब 16 ऐसे जिले हैं जहां दिन और रात के पारा में भारी गिरावट हुआ है। वहीं इन जिलों में शीतलहर के हालात बने हुए हैं।
2 दिसम्बर के बाद और बढ़ेगी ठंड
बीती रात को प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी का न्यूनतम तापमान 6.8℃ रहा। नौगांव और रायसेन में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.4℃ दर्ज हुआ। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश में 2 दिसंबर के बाद से ठंड और बढ़ेगी। फिलहाल पारा 7 से 12℃ के बीच रहेगा। हालांकि इस बीच पश्चिम विक्षोभ का असर भी शुरू हो गया है।
यहां इंदौर में न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ। रात का पारा 13.6 डिग्री तक जा पहुंचा। वहीं दिन के तापमान में कमी आई है। इधर ग्वालियर में सर्दी का असर बढ़ा है। रात का पारा 8 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार रात का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री रहा। यहां रात का तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। वहीं दिन का तापमान भी 27.6 डिग्री दर्ज हुआ।